उत्तराखंडदेहरादूनबड़ी खबर

जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर टैक्सी चालकों से ‘अवैध’ वसूली, महासंघ ने केंद्रीय मंत्री से लगाई गुहार

उत्तराखंड टैक्सी मैक्सी महासंघ ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट (देहरादून) पर पार्किंग ठेकेदार द्वारा टैक्सी संचालकों के साथ किए जा रहे दुर्व्यवहार और अत्यधिक पार्किंग शुल्क वसूले जाने के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महासंघ ने इस संबंध में केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री  अजय टम्टा को एक शिकायती पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

​महासंघ के अध्यक्ष सुंदर सिंह पंवार ने बताया कि जहां निजी वाहनों से मात्र 30/- रुपये पार्किंग शुल्क लिया जा रहा है, वहीं टैक्सी वाहनों से 345/- रुपये की भारी-भरकम वसूली की जा रही है, जो पूरी तरह अनुचित है।

​शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पार्किंग कंपनी के कर्मचारी आए दिन टैक्सी ड्राइवरों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हैं। विरोध करने पर चालकों के खिलाफ झूठे पुलिस केस दर्ज कराए जा रहे हैं।

​महासंघ का कहना है कि एयरपोर्ट पर होने वाले इस विवाद से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के बीच उत्तराखंड और देश की छवि धूमिल हो रही है।

​हमने पूर्व में मुख्यमंत्री और सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत जी के संज्ञान में भी यह विषय डाला था। शासन के निर्देशों के बावजूद ठेकेदार की मनमानी जारी है। यदि जल्द ही ठोस समाधान नहीं निकला, तो प्रदेश का टैक्सी व्यवसायी कड़ा कदम उठाने को मजबूर होगा।

— सुंदर सिंह पंवार, प्रदेश अध्यक्ष (उत्तराखंड टैक्सी मैक्सी महासंघ)

 

महासंघ की मांग:

​महासंघ ने केंद्रीय मंत्री से मांग की है कि पार्किंग शुल्क को तर्कसंगत बनाया जाए और ठेकेदार कंपनी की गुंडागर्दी पर लगाम लगाने हेतु संबंधित विभागों को कड़े निर्देश जारी किए जाएं। इस अवसर पर महासचिव अनमोल अग्रवाल सहित मसूरी, ऋषिकेश और हरिद्वार की यूनियनों ने भी अपना समर्थन व्यक्त किया है।

Related Articles

Back to top button