भाजपा ने कांग्रेस पर सोशल मीडिया के अपुष्ट एवं अमर्यादित पोस्टों के आधार पर देवभूमि और समूचे दलित समाज को कलंकित करने का आरोप लगाया है। वहीं आक्रोश जताया कि न्यायालय दोषियों को सजा दे चुका है, लेकिन कांग्रेस बार बार साजिशन नए नए नाम लेकर दिवंगत बेटी की आत्मा को भी अपमानित कर रही है। दिल्ली से कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष का इस मुद्दे को उठाना, राजनैतिक षडयंत्र का इशारा करता है। पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री, राजपुर विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता श्री खजान दास ने कांग्रेस पर नकारत्मक एवं शर्मनाक राजनीति का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सोशल मीडिया पर प्रचार की मंशा से वायरल ऑडियो वीडियो को राजनैतिक हथियार बना रही है, जिनका न तो कोई पुख्ता आधार है, न ही वे मर्यादित हैं। लेकिन गैरजिम्मेदाराना तरीके और षड्यंत्र के तहत, इन बयानों की आड़ में समूचे अनुसूचित जाति समाज को अपमानित करने का पाप किया जा रहा है।
उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर सीधा सीधा आरोप लगाया कि वे बिना पुष्टि वाले अश्लील व्यक्तव्यों पर दिल्ली में बैठकर पत्रकार वार्ता करते हैं। जो कहीं न कहीं दर्शाता है कि कांग्रेस इस पूरे घटनाक्रम को षड्यंत्र की तरह इस्तेमाल कर देवभूमि और समूचे दलित समाज को अपमानित करना चाहती है। कांग्रेस पार्टी की ऐसी साजिशों की भाजपा कड़े शब्दों में निंदा करती है। उन्होंने अपने आरोपों पर स्पष्ट किया कि इस सुनियोजित साजिश के क्रम में कांग्रेस द्वारा पिछड़े अनुसूचित वर्ग की आवाज उठाने वाली दमदार आवाज, उनके सामाजिक उत्थान में उम्र खपाने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता को बदनाम किया जा रहा है। जो बेहद ही शर्मनाक और अनैतिक राजनीति की पराकाष्ठा है, भाजपा ऐसे षडयंत्रों की पुरजोर आलोचना एवं विरोध करती है।




