उत्तराखंडदेहरादूनबड़ी खबर

ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा: 39 यात्रियों से भरी बस पलटी, सभी सुरक्षित

ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोताघाटी के पास यात्रियों से भरी एक बस सड़क पर पलट गई। हादसे के समय बस में 39 यात्री सवार थे। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में पांच लोगों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

टिहरी जनपद के देवप्रयाग क्षेत्र में तोताघाटी और बछेलीखाल के बीच यह हादसा उस समय हुआ जब हरिद्वार जा रही यात्रियों से भरी बस अचानक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बस में कुल 39 यात्री सवार थे।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार देने के बाद एम्बुलेंस से ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया।

प्रशासन की ओर से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सामान्य किया जा सके। अधिकारियों के अनुसार हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और सभी यात्री सुरक्षित हैं।

Related Articles

Back to top button