हल्द्वानी। भ्रष्टाचार के विरुद्ध जारी अभियान के तहत सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की हल्द्वानी टीम ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उद्यान विभाग के एक अधिकारी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी आम के पेड़ों के कटान की अनुमति देने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।
शिकायतकर्ता ने सतर्कता विभाग के टोल-फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने ग्राम गऊघाट में काश्तकारों से निजी आम के पेड़ खरीदे थे। नियमानुसार इन पेड़ों को काटने के लिए उद्यान विभाग से अनुमति लेना अनिवार्य है। जब शिकायतकर्ता ने अनुमति के लिए संपर्क किया, तो उद्यान सचल दल केन्द्र, किच्छा में तैनात ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पाण्डे द्वारा कुल 16 पेड़ों के कटान की अनुमति देने के बदले 12,000 रूपये की रिश्वत मांगी गई।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान द्वारा मामले की प्राथमिक जांच कराई गई। आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर थाना सतर्कता अधिष्ठान, हल्द्वानी में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।
निरीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया। योजना के अनुसार, आज दिनांक 09-04-2026 को ट्रैप टीम ने उद्यान सचल दल केन्द्र, किच्छा में दबिश दी। टीम ने ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पाण्डे (पुत्र श्री बची राम पाण्डे, निवासी शक्ति विहार तल्ली हल्द्वानी) को शिकायतकर्ता से 12,000/- रूपये की नकद रिश्वत लेते हुए उसके कार्यालय से रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी: बादल पाण्डे (ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक)
रिश्वत की राशि: 12,000/- रूपये
स्थान: उद्यान सचल दल केन्द्र, किच्छा
वजह: 16 आम के पेड़ों के कटान की अनुमति देना




